उत्तराखंडः माता-पिता के सामने डेढ़ वर्षीय बच्ची को उठाकर ले गया गुलदार, मची चीख पुकार..
उत्तराखंड समेत पूरे पहाड़ी इलाकों में गुलदार के हमलों में लगातार इजाफा हो रहा है। बीते कुछ सालों में इन घटनाओं ने न सिर्फ ग्रामीणों की चिंता बढ़ाई है, बल्कि पहाड़ों में रहने वाले लोगों के बीच डर का माहौल भी बना दिया है। वहीं विकासखंड जयहरीखाल की ग्राम पंचायत बरस्वार में शनिवार शाम गुलदार डेढ़ वर्षीय बच्ची को उसके घर से ही उठाकर ले गया। रात करीब नौ बजे बच्ची का शव बरामद किया गया। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। ग्राम पंचायत बरस्वार निवासी पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य वीरेंद्र लाल की पोती याशिका पुत्री जितेंद्र शाम करीब 6:30 बजे माता-पिता के साथ घर के आंगन में ही थी।
यह भी पढ़ेंः जनगणना 2027 में पूछे जाएंगे ये 33 सवाल, नोटिफिकेशन जारी…
तभी अचानक आया गुलदार झपटकर याशिका को उसके पिता जितेंद्र और मां प्रियंका की आंखों के सामने उठाकर ले गया। माता-पिता चीख पुकार मचाते ही रह गए। शोरशराबा होने पर आसपास के काफी लोग जंगल में याशिका की तलाश में दौड़े। काफी छानबीन के बाद रात करीब नौ बजे याशिका का शव काफी फासले पर बुरी हालत में बरामद हुआ। घटना के बाद से वीरेंद्र लाल के परिवार में कोहराम मचा है। घटना लैंसडौन वन विभाग के पालकोट जंगल क्षेत्र की बताई गई है। सूचना मिलने पर वन कर्मी भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
यह भी पढ़ेंः Winter snowfall reduced: पहाड़ों की जीवन रेखा है बर्फबारी.. बर्षा-हिमपात का अभाव बड़े खतरे का संकेत, पढ़ें..
