उत्तराखंड: आज भी आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे मुख्यमंत्री, जानिए कब पहुंचेंगे कहां..

0

उत्तराखंड: प्रदेश में दो दिन की अतिवृष्टि से आई आपदा का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार आपदा प्रभावित क्षेत्र में हैं। ग्राउंड जीरो पर जाकर वह राहत और बचाव कार्य का मुआयना कर रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर पीड़ितों का हाल जाना। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर करने और उसमें कोई कोताही न बरतने के निर्देश दिए हैं। पीड़ितों की सहायता के लिए उन्होंने जिलाधिकारियों को फ्री हैंड दिया है। सड़क मार्ग में आ रही बाधाओं और जोखिम को दरकिनार कर देर रात तक वह हल्द्वानी के प्रभावित क्षेत्र में मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री देर रात तक रहे प्रभावितों के बीच…

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने अपने दिल्ली दौरे समेत तमाम कार्यक्रम निरस्त कर आपदा पीड़ितों के बीच मौजूद हैं। मंगलवार को उन्होंने रुद्रप्रयाग, उधमसिंहनगर और नैनीताल जिलों का भ्रमण किया। पीड़ितों का हाल जानने की शुरुआत उन्होंने रुद्रप्रयाग जिले से की। जिले के प्रभावित इलाके का हवाई निरीक्षण करने के बाद जिला मुख्यालय में जिलाधिकारी और जिलास्तरीय अधिकारियों की बैठक ली और उन्हें राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद धामी ने कुमाऊं मंडल का दौरा कर रुद्रपुर और किच्छा समेत सभी आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। पीड़ितों की बात सुनी और उनके सामने आ रही समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश दिए। रात को धामी हल्द्वानी गए और उन्होंने अधिकारियों से आपदा के प्रभाव की विस्तृत जानकारी हासिल की। मुख्यमंत्री का देर रात तक आपदा पीड़ितों से मिलने का सिलसिला जारी रहा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आज का कार्यक्रम

1- सुबह 9:30 बजे खटीमा पहुंचेंगे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, खटीमा में आपदाग्रस्त क्षेत्रों का करेंगे स्थलीय निरीक्षण।

2- सुबह 10:30 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचेंगे चंपावत, चंपावत में आपदाग्रस्त क्षेत्रों का करेंगे स्थलीय निरीक्षण।
3- सुबह 11:40 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचेंगे अल्मोड़ा, जहां भिकियासैंण में आपदाग्रस्त क्षेत्रों का करेंगे स्थलीय निरीक्षण।
4- दोपहर 1 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचेंगे तल्ला रामगढ़ नैनीताल, आपदाग्रस्त क्षेत्रो का करेंगे स्थलीय निरीक्षण।

Rate this post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हिलवाणी में आपका स्वागत है |

X