उत्तराखंडः जम्मू कश्मीर में गोली लगने से अग्निवीर जवान दीपक सिंह का निधन, परिजनों में मचा कोहराम..

0
जम्मू कश्मीर में गोली लगने से चंपावत के जवान दीपक सिंह का निधन, परिजनों में मचा कोहराम

भारत पाकिस्तान सीमा पर उत्तराखंड के चंपावत के जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से निधन की खबर सामने आई है। जवान दो साल पहले ही बतौर अग्निवीर भर्ती हुआ था। जो वर्तमान में जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास सेना की अग्रिम चौकी में तैनात था। वहीं, अग्निवीर जवान के निधन की सूचना से पूरे जिले में शोक की लहर है तो उनके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। बताया जा रहा जवान का पार्थिव शरीर सोमवार तक उनके पैतृक गांव पहुंचने की संभावना है। जानकारी के मुताबिक, चंपावत जिले के पाटी विकासखंड के खरही गांव निवासी अग्निवीर जवान दीपक सिंह पुत्र शिवराज सिंह (उम्र 23 वर्ष) अग्निपथ योजना के तहत भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती हुआ था।

यह भी पढ़ेंः उत्तराखंड में SIR प्रक्रिया शुरू, इन मतदाताओं की बढ़ सकती है परेशानी..

ट्रेनिंग पूरी करने के बाद उन्हें जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले की मेंढर तहसील में नियंत्रण रेखा के पास सेना की अग्रिम चौकी में तैनाती मिली थी। बीती शनिवार यानी 22 नवंबर की दोपहर करीब 2.30 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में दीपक सिंह को गोली लगी। चौकी पर गोली चलने की आवाज सुनते ही सेना के अन्य जवान तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने खून से लथपथ दीपक को बटालियन चिकित्सा शिविर में पहुंचाया। जहां सेना के डॉक्टरों ने जांच पड़ताल के बाद दीपक को मृत घोषित कर दिया। हालांकि, अभी ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह घटना दुर्घटनावश गोली चलने से हुई है या फिर कोई अन्य वजह है। फिलहाल, सेना एवं स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ेंः उत्तराखंड बोर्ड के प्रश्नपत्रों में बड़े बदलाव की तैयारी, अब 20% पूछे जाएंगे हाई ऑर्डर थिंकिंग स्किल के सवाल..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed