₹1096 करोड़ की योजनाओं को मुख्यमंत्री धामी की मंजूरी, शिक्षा से लेकर कुम्भ-2027 तक विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार…
देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की विभिन्न विकास योजनाओं, शिक्षा, पर्यटन, शहरी एवं ग्रामीण निकायों और कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों के लिए कुल ₹1096 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन स्वीकृतियों से प्रदेश में आधारभूत ढांचे के विकास, स्थानीय निकायों की मजबूती और शिक्षा व्यवस्था को गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने राज्य योजना के अंतर्गत जनपद नैनीताल के विधानसभा क्षेत्र कालाढूंगी में कोटाबाग के पतलिया स्थित गुरूणी नाले पर पुल निर्माण के लिए ₹9.43 करोड़ की स्वीकृति दी है। इसके साथ ही विकासखंड रामगढ़ के मोहन बाजार मुक्तेश्वर में कार पार्किंग निर्माण कार्य हेतु ₹9.89 करोड़ की मंजूरी प्रदान करते हुए प्रथम किश्त के रूप में ₹3.95 करोड़ जारी करने का अनुमोदन किया गया है।
छठवें राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत प्रदेश के सभी शहरी स्थानीय निकायों को वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम त्रैमासिक किश्त (अप्रैल से जून) के लिए ₹328.27 करोड़ तथा तीन गैर निर्वाचित निकायों को प्रथम छमाही किश्त के रूप में ₹3 करोड़, कुल ₹331.27 करोड़ की धनराशि जारी करने को मंजूरी दी गई है।
इसी क्रम में त्रिस्तरीय पंचायतीराज संस्थाओं के लिए भी बड़ी धनराशि स्वीकृत की गई है। जिला पंचायतों को प्रथम त्रैमासिक किश्त हेतु ₹82.20 करोड़, क्षेत्र पंचायतों को प्रथम छमाही किश्त हेतु ₹75.46 करोड़ तथा ग्राम पंचायतों को ₹194.61 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इस प्रकार पंचायतों के लिए कुल ₹352.27 करोड़ की राशि मंजूर की गई है।
शिक्षा क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने प्रारम्भिक शिक्षा के अंतर्गत अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के कार्मिकों के वेतन भुगतान हेतु वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रावधानित ₹160 करोड़ के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में ₹80 करोड़ जारी करने को मंजूरी दी है। वहीं माध्यमिक शिक्षा के अंतर्गत प्रथम छह माह (अप्रैल से सितंबर 2026) के लिए प्रावधानित धनराशि के सापेक्ष प्रथम 50 प्रतिशत राशि ₹300 करोड़ जारी करने का अनुमोदन भी प्रदान किया गया है।
कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर भी मुख्यमंत्री ने कई स्थायी प्रकृति के कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत की है। हरिद्वार में शंकराचार्य चौक, देवपुरा चौक, चन्द्राचार्य चौक एवं आर्यनगर चौक के आंतरिक मार्गों और बैरियर से गुगाल मंदिर तक सड़क नवीनीकरण कार्य हेतु ₹6.44 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त रानीपुर मोड़, शंकर आश्रम, शिव मूर्ति चौक और झंडा चौक के जंक्शन सुधार एवं सौंदर्यीकरण के लिए ₹6.83 करोड़ तथा वैक्यूम आधारित ईवी रोड स्वीपिंग मशीनों की आपूर्ति एवं कमीशनिंग के लिए ₹5.95 करोड़ की धनराशि जारी करने को मंजूरी दी गई है।
